देहरादून : भारतीय इतिहास में साहस, आत्मबल, और राष्ट्रभक्ति की प्रतिमूर्ति के रूप में याद की जाने वाली झांसी की रानी लक्ष्मीबाई आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वह कर्तव्य परायण, आत्मविश्वासी, स्वाभिमानी और धर्मनिष्ठ वीरांगना थीं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

बचपन से अदम्य साहस की पहचान बनी ‘मनु’

रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। उनका बचपन का नाम मणिकर्णिका था, और उन्हें सभी स्नेहपूर्वक ‘मनु’ कहकर पुकारते थे। मात्र चार वर्ष की उम्र में उनकी माता का देहांत हो गया, जिसके बाद उनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके पिता पर आ गई।

विवाह से लेकर रानी बनने तक का सफर

वर्ष 1842 में मनु का विवाह झांसी के राजा गंगाधर राव से हुआ। विवाह के पश्चात उनका नाम लक्ष्मीबाई रखा गया। 1851 में उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई, लेकिन दुर्भाग्यवश वह शिशु कुछ ही महीनों में चल बसा। इसके बाद रानी और राजा ने एक पुत्र दामोदर राव को गोद लिया।

अंग्रेजों के अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का आरंभ

राजा गंगाधर राव की मृत्यु 21 नवंबर 1853 को हो गई। उस समय लक्ष्मीबाई मात्र 18 वर्ष की थीं। अंग्रेजों ने दामोदर राव को झांसी का उत्तराधिकारी मानने से इनकार कर दिया और झांसी को अपने राज्य में मिलाने की साजिश रचने लगे। रानी ने न्याय के लिए लंदन की अदालत में वकील के माध्यम से याचिका दायर की, लेकिन ब्रिटिश सरकार ने उसे खारिज कर दिया। मार्च 1854 में रानी को महल खाली करने का आदेश दिया गया, परंतु उन्होंने झांसी छोड़ने से इनकार कर दिया और स्वतंत्रता की शपथ ली।

युद्ध का बिगुल और वीरता की अमिट गाथा

1857 की क्रांति के दौरान झांसी पर ओरछा और दतिया के शासकों ने हमला किया, जिसे रानी ने कुशल नेतृत्व से विफल कर दिया। लेकिन वर्ष 1858 में ब्रिटिश सेना ने झांसी पर चढ़ाई कर दी। रानी ने अपने पुत्र को पीठ पर बांध, पुरुषों की पोशाक पहनकर, दो तलवारों के साथ युद्ध किया और बहादुरी से अंग्रेजों को टक्कर दी।

वीरगति से अमरत्व की ओर

झांसी से निकलने के बाद रानी ने तात्या टोपे से मिलकर ग्वालियर की ओर कूच किया। वहां भी उन्हें गद्दारों और अंग्रेजों से संघर्ष करना पड़ा। अंततः 18 जून 1858 को ग्वालियर के समीप युद्ध करते हुए 30 वर्ष की आयु में रानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं।

अमर हैं रानी लक्ष्मीबाई की गाथाएं

रानी लक्ष्मीबाई 1857 की क्रांति की अग्रणी नायिकाओं में से एक थीं। उन्होंने ब्रिटिश साम्राज्य की गुलामी को कभी स्वीकार नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ी। उनका बलिदान भारत के स्वतंत्रता संग्राम की नींव बना और आज भी उनका नाम वीरता, आत्मबल और राष्ट्रप्रेम का पर्याय है।

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

~ सुभद्रा कुमारी चौहान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *