गोपेश्वर (चमोली)। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा रावत ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं और नाबालिगों पर आय दिन हो रहे दुराचार को रोकने में असफल साबित हो रही है। उनका आरोप है कि इसका कारण है कि अधिकांश अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पाई जा रही है। इससे साफ जाहिर है कि अपराधिकों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है और अपराधी बेखौफ नजर आ रहे है।

शुक्रवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद ही यदि आरोपितों को सख्त से सख्त सजा मिल गई होती तो अन्य के दिल में भी ऐसा अपराध करने से पहले खौफ पैदा हो जाता लेकिन सत्ता का संरक्षण होने के कारण अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपितों को बचाने का पूरा प्रयास किया गया। हालांकि न्यायालय ने उन्हें दोषी मानते हुए सजा भी दे दी है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि हरिद्वार का हालिया वाकिया दिल दहलाने वाला है। जिसमें 13 साल की मासूम को उसकी सगी मां ने ही दंरिदों के आगे डाल दिया। इसमें भी भाजपा नेत्री का नाम सामने आ रहा है। इससे साफ जाहिर है कि सत्ता के मद में भाजपा के कुत्सित मानसिंकता के लोग ऐसे घृणित अपराध करने से डर नहीं रहे है। उन्होंने कहा कि जो भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा दे रही थी आज इसी के राज में बेटियां और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि अभी भी समय रहते सरकार ने अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया तो आने वाले समय में मां-बहनों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। इस मौके पर महिला कांग्रेस की नगर उपाध्यक्ष बसंती देवी, सुशीला देवी, जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, प्रमोद बिष्ट, विक्रम नेगी, प्रताप लाल, रामलाल, दर्शन लाल आदि मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *