ज्योतिर्मठ। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस के आरोपों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल ज्योतिर्मठ ने मुख्य चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर मंडल उपाध्यक्ष अनिल सकलानी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर नारेबाजी की।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कांग्रेस के पास कोई ठोस और पुख्ता सबूत हैं, तो वे बयानबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय उन्हें सीधे न्यायालय में प्रस्तुत करें। भाजपा का कहना है कि इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है।

इस अवसर पर बद्रीनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ऋषि प्रसाद सती ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देवभूमि उत्तराखंड में जानबूझकर अशांति का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वर्गीय अंकिता भंडारी के नाम पर की जा रही राजनीति से न केवल समाज में भ्रम फैल रहा है, बल्कि दिवंगत आत्मा को भी ठेस पहुंच रही है।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर मामले में केवल कानून और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा किया जाना चाहिए, न कि इसे राजनीतिक लाभ का साधन बनाया जाए।

प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से सुखदेव महिपाल, भगवती प्रसाद नंबुद्ररी, मुकेश डिमरी, सुभाष डिमरी, राकेश भंडारी, जगदीश सती, श्रीराम डिमरी, गुड्डू पुरी और बबली राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *