जोशीमठ : नगर पालिका परिषद जोशीमठ द्वारा गुरुवार, को शहरी विकास विभाग की ‘स्वास्थ्य आरोहण’ योजना के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जुटे पर्यावरण मित्रों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें फर्स्ट एड किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने कहा कि पर्यावरण मित्र शहर की व्यवस्था की मुख्य कड़ी हैं और उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना पालिका प्रशासन की प्राथमिकता है।
अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि ‘स्वास्थ्य आरोहण’ योजना का मुख्य लक्ष्य स्वच्छता कार्य में लगे कर्मियों को एक सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी भय के शहर की सेवा कर सकें।
इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जोशीमठ के चिकित्सकों की टीम द्वारा एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया। शिविर में उपस्थित सभी पर्यावरण मित्रों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें कार्य के दौरान अपनी सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पालिका प्रशासन द्वारा वितरित की गई इन किटों का उद्देश्य आपात स्थिति में स्वच्छता कर्मियों को तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित के साथ ही पालिका सदस्य दीपक शाह, ललिता देवी, प्रदीप भट्ट, सौरभ राणा, प्रवेश डिमरी और सुशील पंवार ने भी शिरकत की।
