हल्द्वानी : हल्द्वानी के पीलीकोठी जगदंबा विहार कॉलोनी में चाय बनाते समय अचानक सिलिंडर फट गया, जिससे सिलेंडर में भीषण आग लग गयी। घटना से एक महिला झुलस गई। दो बच्चे और एक महिला घायल हो गईं। पीलीकोठी में जगदंबा विहार कॉलोनी में राम अवतार पाल परिवार के साथ रहते हैं। राम अवतार के छोटे बेटे सुभाष पाल ने बताया कि बुधवार को घर में पूजा-पाठ होनी थी। शाम करीब 4:30 बजे परिवार की महिलाएं घर के निचले तल पर बने किचन में चाय बना रही थी कि तभी अचानक सिलिंडर में आग लग गई।

कोई कुछ समझा पाता, इससे पहले ही आग फैलने लगी और कुछ ही देर में जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। सिलिंडर की आग से किचन में रखे फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। अग्निकांड में सुभाष की भाभी मंजू पाल (35) पत्नी दिनेश पाल बुरी तरह झुलस गईं। वहीं, रूपा पाल (32) पत्नी हरीश पाल, भांजा आदित्य (12) और पीयूष (8) सिलिंडर के टुकड़े शरीर में लगने से घायल हो गईं।

महिलाओं और बच्चों की चीखपुकार सुन दौड़े अन्य लोगों ने किसी तरह सभी को बाहर निकालकर मुखानी स्थित निजी अस्पताल भिजवाया। देखते-देखते आग ने तीन मंजिल भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में परिवार के अन्य लोगों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से लाखों के नुकसान की आशंका है। CFO गौरव किरार का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें सवा पांच बजे मिली और फौरन टीम मौके पर भेज दी गई थी। हालांकि तब तक आग बुझ गई थी।

सिलिंडर फटने के कारण हुआ धमाका इतना भीषण था कि कॉलोनी में भी खलबली मच गई। धमाके से घर की एक दीवार में भारी दरार के साथ छत की सरिया नजर आ गई। गनीमत रही कि दीवार गिरी नहीं वरना जान-माल का नुकसान बढ़ सकता था। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। सुभाष ने बताया कि आग लगने से घर में धुंआ भर गया। कहा कि उनके पिता हार्ट के मरीज हैं। दो महीने पहले ही उनका हार्ट का ऑपरेशन हुआ है। धुंए के कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *