- सोमवार को जिलाधिकारी ने लगाया जनता दरबार, एक दर्जन से अधिक शिकायतों पर सुनवाई व निस्तारण
पौड़ी : जनसमस्याओं के त्वरित पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित कर स्वयं शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है। सुनवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं उत्तरदायी समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में ग्राम ओजली की कविता देवी, पुष्पा देवी एवं पूनम देवी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल संयोजन से वंचित रहने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता, जल संस्थान से स्पष्टीकरण तलब करते हुए तीनों परिवारों के प्रकरण में शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। अस्पताल मोहल्ला वार्ड-6 की बबीता रावत ने पूल्ड हाउस को जाने वाले क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की दीवार से उनके आवासीय भवन को उत्पन्न खतरे की ओर ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य राजस्व लेखाकार (सीआरए) को संबंधित उप-जिलाधिकारी की जाँच आख्या के साथ पात्रावली प्रस्तुत करने को कहा। न्यू विकास कॉलोनी निवासी सुलोचना नेगी द्वारा अपने 2 वर्षीय पुत्र दिवित नेगी के उपचार संबंधी प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत करने पर जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर सभी संबंधित चिकित्सीय दस्तावेजों का परीक्षण करते हुए उपचार हेतु हर संभव सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम गहड़ निवासी आनंद सिंह नेगी ने जुलाई 2025 की आपदा में क्षतिग्रस्त हुए लगभग 12 मीटर पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग रखी, जिसपर जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया की ब्लॉक के माध्यम से शीघ्र सुधारीकरण का कार्य कराया जायेगा।भटोली निवासी मकान सिंह ने युवा कल्याण विभाग में पीआरडी को मिलने वाले विशिष्ट नंबर जारी होने में विलंब के कारण रोजगार न मिल पाने की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को वस्तुस्थिति स्पष्ट कर शीघ्र समाधान करने को कहा। कोला क्षेत्र के ग्रामीणों ने कोला-सिलड़ी-नान्सू मोटर मार्ग के प्रारंभ स्थल पर शहीद सैनिक अमित कुमार अंथवाल के नाम से प्रस्तावित प्रवेश द्वार निर्माण में भूमि संबंधी अड़चनों को दूर करने का अनुरोध किया, जिस पर संबंधित उपजिलाधिकारी को ग्रामवासियों की उपस्थिति में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। यमकेश्वर क्षेत्र के राज्य आंदोलनकारियों के प्रकरणों को आगामी चयन समिति की बैठक में रखने के संबंध में अर्जुन सिंह द्वारा रखे गए अनुरोध पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त अन्य शिकायतों पर भी आवश्यक कार्यवाही हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

