रूडकी : जनपद हरिद्वार के रूडकी तहसील के ग्राम बिजौली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित कन्हैया गौशाला का भूमि पूजन मंगलवार को उत्तराखंड राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेन्द्र प्रसाद अंथवाल के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। गौशाला के निर्माण से हरिद्वार से नारसन तक हाईवे पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश को अब स्थायी आश्रय मिलने की संभावना बन गई है।

गौशाला निर्माण की जिम्मेदारी निभा रही संस्था के अध्यक्ष और सचिव ने भूमि पूजन के अवसर पर कहा कि “गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं होती।” उन्होंने कहा कि यह गौशाला क्षेत्र की गोवंश सुरक्षा में मील का पत्थर साबित होगी। संस्था के अध्यक्ष ने उत्तराखंड राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अंथवाल का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से यह कार्य संभव हो सका है।

इस मौके पर डॉ. अंथवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गौशालाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा करना समाज और संस्कृति दोनों की रक्षा करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान में सहभागी बनें। ग्रामवासियों ने इस पुनीत कार्य के लिए संस्था और शासन-प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया और आशा जताई कि यह गौशाला न केवल गोवंश की सेवा का केंद्र बनेगी, बल्कि क्षेत्र में एक सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की ओर भी कदम बढ़ाएगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में गोत्सव अश्विनी शर्मा (उपाध्यक्ष, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, हरिद्वार), मुंतज़िर अली (जिला पंचायत सदस्य, बिजौली), धनीराम सैनी (नायब तहसीलदार, रुड़की), डॉ. रोहित (राजकीय पशु चिकित्सालय, रुड़की) सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *