डीलरों ने करोना काल में दिए गए राशन के कमीशन में ही कमीशनखोरी वसूलने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते होते हुए फेडरेशन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि हरिद्वार का पूर्ति विभाग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है। कहा कि करोनाकाल में जनता को डबल राशन बांटा गया था।
जिसमें सिंगल का भुगतान हो गया था, लेकिन अतिरिक्त का भुगतान नहीं हुआ था। अतिरिक्त राशन के कमीशन का भुगतान 8 करोड़ 30 लाख अब जून 2025 में हुआ है, डीलर्स के इस कमीशन में भी डीलर्स को कमीशन लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रवि सनवाल ने वसूला है। उन्होंने वर्तमान में मिलने वाले राशन के लाभांश पर डीलरों पर दवाब न बनाए जाने की मांग की है। फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि राशन डीलरों का 180 रुपए प्रति क्विंटल लाभांश आता है। जिसका 20 प्रतिशत जिला पूर्ति अधिकारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कमीशन मांग रहे हैं। फेडरेशन के कमीशन देने से इंकार करने पर उन्हें नोटिस थमा दिया। जब हाईकोर्ट नैनीताल में इसकी याचिका दायर की, तो याचिका वापिस लेने का दवाब बनाया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में फेडरेशन के प्रवक्ता एडवोकेट भरतवीर, सदस्य सतेंद्र कुमार शामिल रहे।
