बागेश्वर : मरीजों को राहत जिला अस्पताल को मिली अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ धनसिंह रावत ने जिला अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन मशीन का क्षेत्रीय विधायक पार्वती दास की मौजूदगी में वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन के स्थापित होने से मरीजों को अब प्राइवेट अस्पताल या हायर सेन्टर नही जाना पड़ेगा। उनको यह अत्याधुनिक सुविधा यहीं पर मिलेगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ धनसिंह रावत ने वर्चुअल सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रदेश के सभी सुदूरवर्ती अस्पतालों में अत्याधुनिक मशीने, उपकरण देकर दूर दराज की जनता को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहूलियत प्रदान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन मशीन को लेकर जनता की काफी लम्बे समय से मांग थी,जिसे आज पूरा किया गया। निश्चित ही आने वाले समय मे जनता को इसका लाभ मिलेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष बसन्ती देव ने स्वास्थ्य मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आज हम सबके लिए बड़ा हर्ष का दिन है। जिले को सीटी स्कैन मशीन की सौगात मिली है। अब यहां के मरीजों को अल्मोड़ा, हल्द्वानी, देहरादून,बरेली के चक्कर नही काटने पड़ेंगे। इसका लाभ यहां की स्थानीय जनता को मिलेगा।

बागेश्वर विधायक पार्वती दास ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वर्गीय पूर्व कैबिनेट मंत्री चन्दन रामदास ने जिला अस्पताल में अत्याधुनिक मशीने एवं उपकरण आदि व्यवस्थाओं और सुविधाओं को सुदृढ़ करने का जो सपना देखा था वह आज साकार हो गया। जिला अस्पताल में अब सीटी स्कैन मशीन, अल्ट्रासाउंड,एक्स-रे मशीन उपलब्ध है। जिसका लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है और मशीनों के स्थापित होने से अब मरीजों को हायर सेंटर नही जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल को और बेहतर बनाने में जो कमियां रह गई है उसे दूर करने के लिए निरन्तर प्रयासरत रहूंगी।

विधायक कपकोट सुरेश गड़िया ने जिले को सीटी स्कैन मशीन की सौगात मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम निरन्तर विकास के उद्देश्यों व लक्ष्यों के रूप में आगे बढ़ रहें है। सीटी स्कैन मशीन के मिलने से मरीजों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने वर्चुअल प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर एसडीएम बागेश्वर मोनिका,ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी,मण्डल अध्यक्ष भाजपा रमेश तिवारी,रेडक्रॉस चेयरमैन संजय शाह जगाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनुपमा ह्यांकी,प्रभारी सीएमएस डॉ.एसपी त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण,डॉक्टर्स एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *