बागेश्वर : भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता को लेकर जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं पुलिस विभाग के साथ कार्यशाला का आयोजन हुआ। भारतीय मानक ब्यूरो शाखा देहरादून द्वारा शुक्रवार को दो चरणों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं पुलिस बल को भारतीय मानकों के प्रति जागरूक करना था। प्रथम चरण में सुबह आठ बजे पुलिस लाइन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित पुलिस बल को सार्वजनिक सुरक्षा, भवन निर्माण, सड़क निर्माण, फूड सेफ्टी, यातायात सुरक्षा आदि क्षेत्रों में भारतीय मानकों की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा जनपद में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “गुणवत्ता पूर्ण विकास कार्यों एवं सेवाओं के लिए भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा निर्धारित मानकों का पालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है, बल्कि जनविश्वास भी सुदृढ़ होता है। सभी विभागों को चाहिए कि वे क्रय प्रक्रिया एवं निर्माण कार्यों में BIS मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करें।” उन्होंने कहा कि जनहित और जनसुरक्षा की दृष्टि से यह पहल एक सकारात्मक बदलाव ला सकती है। जिलाधिकारी ने भारतीय मानक ब्यूरो की इस पहल को जनपद के लिए गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मानक आधारित शासन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यशाला में भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक सौरभ तिवारी ने सभी विभागों से आग्रह किया कि वे अपने प्रोक्योरमेंट में आईएसआई मार्क वाले प्रमाणित उत्पादों को ही प्राथमिकता दें। उन्होंने बताया कि इससे न केवल गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि उपभोक्ता संरक्षण एवं पारदर्शिता को भी बल मिलेगा। उन्होंने भविष्य में सभी विभागों के साथ मानक आधारित कार्यशालाओं के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा। कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों को विभागीय कार्यों में भारतीय मानक ब्यूरो मानकों के अनुपालन की आवश्यकता, प्रक्रिया तथा लाभों के विषय में विस्तार से बताया गया।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, उप जिलाधिकारीगण मोनिका, जितेन्द्र वर्मा, ललित मोहन तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य, दीप चंद्र जोशी, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली, जिला यूनानी अधिकारी डॉ. बेला महर, जिला उद्यान अधिकारी आरके सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *