ज्योतिर्मठ : चंद्र ग्रहण के सूतक काल की समाप्ति के पश्चात पौराणिक नृसिंह मंदिर और नवदुर्गा मंदिर परिसर में एक वृहद स्वच्छता एवं शुद्धिकरण अभियान चलाया गया। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में गढ़वाल स्काउट्स के जवानों और मंदिर समिति के कर्मचारियों ने कंधे से कंधा मिलाकर पूरे परिसर की सफाई की। इस पुनीत कार्य में देश के विभिन्न कोनों से आए श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया, जो श्रद्धा और सेवा का एक अनूठा संगम रहा। परिसर के शुद्धिकरण के उपरांत भगवान नृसिंह का विशेष अभिषेक, पूजन और हवन संपन्न किया गया, जिसके बाद मंदिर को पुनः दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया। उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने इस सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति और सेना के जवानों को बधाई देते हुए घोषणा की कि आगामी 4 मार्च को होली मिलन कार्यक्रम के पश्चात भी इसी प्रकार का विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे हिमालयी देवस्थलों की मर्यादा और स्वच्छता बनाए रखने में निरंतर सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने सफाई अभियान में शामिल गढ़वाल स्काउट के जवानों को प्रसाद वितरित कर सम्मानित किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *