ज्योर्तिमठ। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली में 13 से 16 फरवरी तक प्रस्तावित ‘नेशनल विंटर चैंपियनशिप’ के आयोजन स्थल को लेकर विंटर गेम संगठन ने एक बड़ा वैकल्पिक फैसला लिया है। वर्तमान में औली के नंदा देवी स्कीइंग स्लोप पर तेजी से बर्फ पिघलने के कारण खेलों के आयोजन पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं, जिसे देखते हुए देहरादून में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में खेलों को गौरसो बुग्याल या रोपवे के 10 नंबर टावर के समीप शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। विंटर गेम संगठन के जॉइंट सेक्रेटरी अजय भट्ट की अध्यक्षता में आईटीबीपी के अधिकारियों, विभिन्न राज्यों के कोचों और मैनेजरों के बीच हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से यह विकल्प चुना गया है।

अजय भट्ट ने बताया कि शुक्रवार शाम को खिलाड़ियों और सदस्यों के साथ हुई चर्चा के बाद यह तय हुआ है कि यदि औली में बर्फ की स्थिति प्रतिकूल रही, तो खेलों का रोमांच गौरसो की ऊंची पहाड़ियों पर शिफ्ट किया जाएगा, जिस पर सभी राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपनी सहमति जता दी है ताकि चैंपियनशिप के उत्साह में कोई कमी न आए। अजय भट्ट ने बताया कि गौरसो बुग्याल मे पहले भी नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का दो बार आयोजन हुआ है..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *