कोटद्वार । विगत 17 अगस्त को आकाश कुकरेती निवासी-कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार पर एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया जिसमें उनके द्वारा अंकित किया गया कि एसबीआई शाखा कोटद्वार के सामने से मेरी मोटर साइकिल संख्या-UK15-4714 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा विगत 9 जून को चोरी कर दिया है, साथ ही 21 अगस्त 2024 को दीपक विश्नोई निवासी- कोटद्वार द्वारा कोतवाली कोटद्वार पर एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया जिसमें उनके द्वारा अंकित किया गया कि किसी अज्ञात चोर द्वारा वादी की मोटर साइकिल होटल ग्रैट कैलाश की पार्किंग से चोरी कर दी है। उक्त दोनों प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली कोटद्वार पर मुकदमा दर्ज किया गया ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा वाहन चोरी की उक्त घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए अभियोग के सफल अनावरण कर अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित करने हेतु आदेशित किया गया। जिसके क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार मणिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी व सीसीटीवी कैमरों के आधार पर उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त अकिलेन्द्र उर्फ बाबू, उम्र 20 वर्ष, पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी- ग्राम- नेकपुर, पोस्ट- सिकन्दरपुर बलीथान रायपुर, जिला बिजनौर उ0प्र0 को चोरी की गयी मोटरसाइकिल के साथ दिल्ली फार्म रोड फाटक के पास से बरामद कर गिरफ्तार किया गया व दूसरी चोरी की गई मोटरसाइकिल को भी अभियुक्त के कब्जे से बरामद किया गया ।गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेशकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
