औली । विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग डेस्टिनेशन औली में आयोजित होने वाले आगामी ‘विंटर कार्निवल’ और ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप’ को लेकर गढ़वाल मंडल विकास निगम ने कमर कस ली है।जीएमवीएन के जनरल मैनेजर लक्ष्मीराज चौहान ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और पर्यटन सचिव सहित प्रदेश के तमाम प्रमुख जनप्रतिनिधियों को विधिवत निमंत्रण पत्र भेज दिए गए है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं और 12 फरवरी तक सभी आवश्यक कार्यों को पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि पर्यटकों और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिल सके

साहसिक खेलों और संस्कृति का अनूठा संगम

इस वर्ष का विंटर कार्निवल रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का एक अद्भुत संगम होगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप, स्नो शू रेस, बच्चों के लिए विशेष स्नो गेम्स, चेयरलिफ्ट राइड और रोमांचकारी नाइट स्कीइंग शामिल हैं

एक अभिनव पहल के रूप में इस बार ‘बर्फ पर योग’ जैसी अनूठी गतिविधि भी आयोजित की जाएगी, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए ‘औली मैराथन’ का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के लिए 3 किमी और पुरुषों के लिए 5 किमी की दौड़ निर्धारित की गई है।साथ ही एक चुनौतीपूर्ण स्नो मैराथन भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

लोक गीतों से सजेगी बर्फ की वादियां

खेलों के रोमांच के साथ-साथ औली की बर्फीली वादियों में सांस्कृतिक छटा भी बिखरेगी। उत्तराखंड का प्रसिद्ध लोक बैंड ‘पांडवास’ और विख्यात लोक गायक किशन महिपाल अपनी मधुर प्रस्तुतियों से कार्निवल में चार चाँद लगाएंगे.
जीएमवीएन प्रशासन के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य न केवल खेलों को बढ़ावा देना है, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *