कोटद्वार । सनेह क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर एक रतनपुर कुंभीचौड़ निवासियों ने एक बैठक का आयोजन किया जिसमें बहेड़ा श्रोत में आपदा में बहे पुल का निर्माण अब तक न होने पर रोष व्यक्त किया है। कहा कि पुल के शीघ्र निर्माण न होने की स्थिति में क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे । कहा कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। विगत वर्ष बहेड़ा श्रोत समेत क्षेत्र की सभी नदियों के किनारे करोड़ों रुपये की सुरक्षा दीवार तो बनाई गई लेकिन आपदा से क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण की ओर किसी का ध्यान ही नहीं गया।
कहा कि बरसात में बहेड़ा श्रोत के उफान पर होने के कारण उन्हें आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है । शासन-प्रशासन की ओर से पुल का निरीक्षण करने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। चेतावनी दी कि पुल का शीघ्र निर्माण न होने की स्थिति में क्षेत्रवासी आंदोलन पर बाध्य होंगे। बैठक में सिंह, बलवीर सिंह, सिद्धांत अग्रवाल, दुर्गा देवी, संतोषी देवी, संजना देवी, मनोरमा देवी, दयाल सिंह, फतेह सिंह, मंगतराम, रंजन प्रसाद और रामस्वरूप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
