जयहरीखाल : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का सात दिवसीय विशेष शिविर आज से प्रारम्भ हो गया। 24 मार्च तक चलने वाले इस शिविर का आयोजन जीआईसी लैंसडाउन, जयहरीखाल में किया जा रहा है।

शिविर के प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. एल. आर. राजवंशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरीखाल श्रीमती शशि बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सकमुंडा मीना रौतेला, ग्राम पंचायत जयहरी की प्रधान प्रगति असवाल, जीआईसी लैंसडाउन जयहरीखाल के अध्यापक दिनेश पाठक, अभिनव आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विकास चन्द्र, सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया जिसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा ध्येय गीत ‘उठे समाज के लिए उठे उठें, जगें स्वराष्ट्र के लिए जगे जगें’ का गायन किया गया | कार्यक्रम के प्रारम्भ में एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना नौटियाल द्वारा स्वयंसेवकों को ध्येय वाक्य ‘मैं नही, आप’ से परिचित करवाते हुए शिविर के महत्व को बताया | डॉ. कमल कुमार द्वारा एनएसएस शिविर के महत्व को बताते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम तथा समाज सेवा के माध्यम से अपने भीतर नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने को प्रेरित किया |

एन एस एस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीआईसी लैंसडाउन की प्रधानाचार्या प्रतिनिधि दिनेश पाठक ने कहा, हमें प्रसन्नता है कि इस शिविर के लिए हमारे विद्यालय का चयन किया गया। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। हम हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

अभिनव आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विकास चन्द्र ने छात्रों को अपने छात्र जीवन में एन. एस. एस. के अनुभवों को सासा किया और कहा कि एन. एस. एस. छात्रों के व्यक्तिव में सर्वांगीण विकास करता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरीखाल शशि बिष्ट ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए स्वयमसेवक के रूप में अपने अनुभव बताये कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। NSS के माध्यम से आप समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सकमुंडा मीना रौतेला ने कहा, ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यार्थियों को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। ग्राम पंचायत जयहरी की प्रधान प्रगति असवाल ने कहा, गांव के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आप सभी अपने कार्यों से गांव को स्वच्छ और जागरूक बनाने में योगदान दें तथा हम भी सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे |

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. एल. आर. राजवंशी ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करता है। सभी स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ शिविर के उद्देश्यों को पूरा करें। इस अवसर पर डॉ. प्रीती रावत भी उपस्थित रहीं |

उद्घाटन सत्र के पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से प्रारम्भ किया गया। शिविर के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। यह शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज सेवा के प्रति उनकी भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का संचालन सह कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय रावत द्वारा किया गया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *