क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

पोखरी (चमोली)। पोखरी के शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। इस दौरान सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग सम्मानित हुए। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ करते हुए पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि शिक्षा मनुष्य को जीवन संघर्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में मददगार साबित होती है। इसलिए शिक्षा की बेहतरी के लिए सभी लोगों को पूरे मनोयोग से काम करना होगा। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी के चलते ही इस कार्यक्रम की सार्थकता को बल मिला है। उनका कहना था कि मौजूदा प्रतिस्पर्धा के दौर में शिक्षा के जरिए ही मुकाम हासिल किया जा सकता है। खासकर नौजवान पीढ़ी को भावी चुनौतियों का सामना करने के लिए शिक्षा के प्रति रूचि प्रदर्शित करनी होगी। इससे ही युवा पीढ़ी का भला हो सकेगा।

इस अवसर पर ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, महिला मंगल दलों से जुड़ी महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, प्रदीप चौहान, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, प्रधान संघ के अध्यक्ष तेजपाल रावत, किसान मोर्चा के अध्यक्ष प्रदीप पुरोहित, महावीर रावत, मनोज भंडारी, समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अभिभूत किया। एक से बढ़ कर एक रंगारंग कार्यक्रमों से सांस्कृतिक धरोहरों को जीवंत रखने का संदेश भी कार्यक्रम में देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *