औली (चमोली): विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली की बर्फीली वादियों में ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर गेम्स 2026’ के दूसरे दिन रोमांच और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस विंटर कार्निवल ने न केवल खेल प्रेमियों को बल्कि देश-विदेश से आए पर्यटकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया है। चारों ओर फैली सफेद बर्फ की चादर पर एक तरफ जहाँ खिलाड़ी पदक जीतने के लिए पसीना बहा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोक संस्कृति की धुनों ने पूरे वातावरण को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया है।

स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग में कड़ा मुकाबला

प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस पर विभिन्न श्रेणियों में मुकाबलों का आयोजन हुआ। जायंट स्लालम (पुरुष वर्ग) में भारतीय सेना का दबदबा कायम रहा, जहाँ आर्मी ग्रीन के बाकिर हुसैन ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं आर्मी रेड के आशिफ अज़ीज और जेकमेट रफस्तान ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

स्नोबोर्डिंग के पुरुष वर्ग में जम्मू-कश्मीर के जुबेर अहमद लोन ने बाजी मारी, जबकि महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश की बेटियों का एकतरफा जलवा रहा। हिमाचल की प्रीति ठाकुर, प्रकृति ठाकुर और दीपिका ठाकुर ने तीनों शीर्ष पदों पर कब्जा जमाया।

इसके अतिरिक्त, स्की माउंटेनियरिंग स्प्रिट (पुरुष) में आर्मी के संतोष मुक्ता और महिला वर्ग में साक्षी ठाकुर ने बाजी मारी। रेस ऑफिस में विजयंत रावत, विक्रम फरस्वाण और विजय सती द्वारा विजेताओं के नामों की विधिवत घोषणा की गई।

संस्कृति और पर्यटन का मेल

खेलों के साथ-साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रसिद्ध लोकगायक दरवान नैथवाल की मधुर प्रस्तुतियों पर पर्यटक झूमते नजर आए, वहीं परसारी की स्थानीय टीम ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की रंगारंग झलक पेश की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन प्रतिवर्ष होने चाहिए ताकि औली की वैश्विक पहचान और सुदृढ़ हो सके।

 

 

 

 

गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के जनरल मैनेजर लक्ष्मी राज चौहान ने बताया कि कार्निवल के चलते पिछले दो दिनों से औली में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है और हर तरफ जबरदस्त रौनक है। विंटर गेम्स एसोसिएट के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल और कोच विकेश डिमरी ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस गरिमामय अवसर पर आईटीबीपी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जीएमवीएन के आरएम विश्वनाथ बेंजवाल, सुशील पंवार, प्रदीप शाह, कमल किशोर डिमरी, विजय रतूडी, प्रीति डीमरी, वंदना पंवार सहित सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी और सैलानी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *