रक्तदान, पौधारोपण, पोस्टर निर्माण एवं ‘कचरे से उपयोगी वस्तुएँ’ गतिविधियों में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

कोर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से 23 एवं 24 सितंबर को दो दिवसीय एनएसएस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

समारोह के प्रथम दिवस सिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

समारोह के द्वितीय दिवस पौधारोपण अभियान, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तथा ‘कचरे से उपयोगी वस्तुएँ’ बनाने जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं सतत विकास से जुड़े संदेशों को पोस्टर और उपयोगी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। पौधारोपण अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण एवं हरित पर्यावरण के महत्व का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में प्रति-कुलपति प्रो. राजेश उपाध्याय, डॉ. चिनैयन रामसुब्रमणियन, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) अजय शर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. कमल कपूर तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमरनाथ सहित विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करती हैं। दो दिवसीय समारोह का समापन विद्यार्थियों को समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों को निरंतर निभाने के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *