कोटद्वार । संत निरंकारी सत्संग भवन में रविवार को आयोजित सत्संग कार्यक्रम में जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का पावन संदेश देते हुए कहा कि यह संसार नश्वर है, लेकिन ईश्वर के प्रति प्रेम और भक्ति जीवन को सार्थक बनाते हैं। भक्ति का अर्थ केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों को अपनाना है। उन्होंने बताया कि जब हम दूसरों के लिए दया, सहानुभूति और सहयोग का भाव रखते हैं, तो यह हमारी सच्ची भक्ति होती है। उन्होंने कहा कि अगर हम दूसरों के दुख को समझकर उनकी सहायता करते हैं, तो यही हमारी सच्ची भक्ति है। एक हाथ से सेवा और दूसरे हाथ से प्रार्थना, यही जीवन का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए।
संत निरंकारी मिशन ने न केवल आध्यात्मिक बल्कि सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। मिशन के इस प्रयास ने समाज में शांति, प्रेम और सहिष्णुता का संदेश फैलाने का कार्य किया है। संत निरंकारी मिशन के सामाजिक सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नर पूजा नारायण पूजा कोटद्वार में एक विशेष पहल की गई है। मिशन ने कोटद्वार के अस्पताल में भर्ती 15 क्षय रोग के मरीजों को अगले छह महीनों तक गोद लेने का निर्णय लिया है। इस पहल के अंतर्गत इन मरीजों की दवा, भोजन, और अन्य आवश्यक सामग्री की पूरी जिम्मेदारी मिशन द्वारा वहन की जाएगी। जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने बताया कि इस कार्य का उद्देश्य न केवल मरीजों को शारीरिक रूप से स्वस्थ करना है, बल्कि उनके जीवन में आशा और विश्वास का संचार करना भी है। यह सेवा कार्य सतगुरु माता जी की शिक्षाओं का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिसमें हर व्यक्ति के कल्याण और मानवता की सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *