लैंसडाउन । आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन में शुक्रवार को जीआरआरसी के तत्वाधान में आयोजित मार्शल आर्ट्स एवं आत्मरक्षा शिविर का समापन मुख्य अतिथि कर्नल कुलदीप सिरोही, सेना मेडल, डिप्टी कमांडेंट जीआरआरसी द्वारा किया गया। इस शिविर में कक्षा एक से पांचवीं तक के 51 विद्यार्थियों ने जनरल वार्म अप, रोलिंग, सामान्य पंच, बॉक्सिंग मुद्रा, हॉर्स स्टांस किकिंग, एल्बो हिट, हैड हिट, नी हिट, स्लैप किक, किकिंग, नाइफ ग्रिप, सैल्फ डिफैंस आदि तकनीक का प्रशिक्षण लिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों के अभिभावक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को प्रमाण- पत्र वितरित किए और अपने संबोधन में कहा कि आत्मरक्षा के साथ-साथ समाज में दूसरों को भी सुरक्षा का भाव महसूस कराने के लिए आत्म सुरक्षा के गुणों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए जो आपके अंदर एक नैतिक विचारधारा को जन्म देता है तथा सामाजिक रूप से आपको एक सुदृढ़ जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायता प्रदान करता है ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों में नायक विपिन राणा, नायक सूरज को इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया । उन्होंने समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह का कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने, उनको मानसिक, बौद्धिक, कौशल एवं शारीरिक रूप से मजबूत बनाने में मुख्य भूमिका निभाता है । इस अवसर पर कर्नल प्रणव जोशी, टीबीसी जीआरसी, प्राजक्ता जोशी प्रिंसिपल टिथवाल एपी पीएस एवं अभिभावक मौजूद रहे। अभिभावकों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम की सराहना की ।
