रूडकी : उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेन्द्र प्रसाद अंथवाल ने रविवार को जनपद हरिद्वार के नगर निगम रुड़की स्थित गो सदन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गो सदन का संचालन एक माह के भीतर हर हाल में शुरू किया जाए, जिससे क्षेत्र में निराश्रित गोवंश को उचित आश्रय मिल सके। डॉ. अंथवाल ने निरीक्षण के दौरान गो सदन की वर्तमान स्थिति का जायज़ा लिया और साफ-सफाई, जल-व्यवस्था तथा चारे की उपलब्धता सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, नंदी शाला की स्थापना हेतु प्रस्ताव राज्य शासन को तत्काल भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि विशेष रूप से बैल (नंदी) जैसे गोवंश को भी सुरक्षित आश्रय उपलब्ध हो सके।

 डॉ. अंथवाल ने कहा कि गौ संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी प्राथमिकता है, और वृक्षारोपण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी गोवंश सड़कों पर बेसहारा न घूमे, इसके लिए प्रदेश भर में गोशालाओं और नंदी शालाओं को सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से इस दिशा में तेजी से कार्य करने और जनसहयोग से इसे एक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नगर आयुक्त राकेश चन्द्र तिवारी, गोवत्स अश्विनी शर्मा (उपाध्यक्ष, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, हरिद्वार) सहित अन्य अधिकारी, गौसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *