चमोली : जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने गुरुवार को जिला सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ;एनएचएम के अंतर्गत चमोली जनपद में स्वीकृत निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता ने  जिलाधिकारी को जानकारी दी कि गोपेश्वर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का कार्य प्रगति पर है जिसे दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है, सिमली के बेस अस्पताल में 42 बेड के बाल चिकित्सा देखभाल केंद्र का कार्य 99 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। वहीं, जिला एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य लैब(आईपीएचएल) का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य अवशेष धनराशि प्राप्त होते ही शुरू हो जायेगा।
उन्होंने बताया कि गैरसैंण, पोखरी, थराली, नारायणबगड़ एवं नंदानगर  विकासखंडों में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स के निर्माण कार्य जिनमें प्रत्येक के लिए 50-50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गयी है के कार्य भी तीव्र गति से किये जा रहे हैं। गैरसैण में 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण  हो चुका है शेष कार्य प्रगति पर है, पोखरी में कार्यस्थल पर पेड़ होने के कारण कार्य रुका है जिसका जल्द निस्तारण करके कार्य शुरू किया जायेगा इसके अलावा नंदानगर में 90 प्रतिशत  निर्माण कार्य पूर्ण हो  चुका है। उन्होंने बताया थराली और  नारायणबगड़ में निर्माण कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो गया है और उक्त भवन स्वास्थ्य विभाग को हस्तानातंरित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने गोपेश्वर में 2072.21 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण से नक्शे का अनुमोदन शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *