बागेश्वर : जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के ड्रेनेज मास्टर प्लान को लेकर समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में जलभराव की समस्या, नालियों की सफाई और वर्षा जल निकासी व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी, यूपीसीएल, जल संस्थान, जल निगम तथा संबंधित नगर निकायों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध एनओसी जारी करने के निर्देश दिए, ताकि ड्रेनेज से संबंधित निर्माण कार्य निर्धारित समय पर प्रारंभ हो सकें।

बैठक के दौरान सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने प्रजेंटेशन के माध्यम से बताया कि जनपद के तीन प्रमुख नगरों बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट के लिए आगामी 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत ड्रेनेज प्लान प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि तीनों नगरों के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर शासन को प्रेषित की जा चुकी है।

बताया कि बागेश्वर नगर का कुल जल निकासी क्षेत्र 10 वर्ग किमी प्रस्तावित है, जिसकी अनुमानित लागत ₹137 करोड़ है। गरुड़ नगर के लिए 3 वर्ग किमी क्षेत्र में ड्रेनेज प्लान प्रस्तावित है, जिसकी लागत ₹28 करोड़ और कपकोट नगर के लिए 5.5 वर्ग किमी क्षेत्र में ड्रेनेज योजना तैयार की गई है, जिसकी अनुमानित लागत ₹37 करोड़ है। इस दौरान सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता पवन सिंह, मोहम्मद मुस्तकीन, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अंकुर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *