कोटद्वार । डेंगू की रोकथाम हेतु जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने समस्त विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। उन्होंने समस्त नगर निकायों को नियमित रूप से गली-मोहल्लों में फॉगिंग करने के साथ ही जगह – जगह में जमा पानी को हटाने के निर्देश भी दिये हैं। जिलाधिकारी स्वयं भी डेंगू की रोकथाम हेतु निरंतर रूप से निगरानी बनाए हुए हैं ।जिलाधिकारी ने जनपद में डेंगू की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने भीड़ वाले स्थान सब्जी मंडी, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, पार्क, मेला आयोजन स्थल सहित अन्य स्थानों में नियमित रूप से साफ-सफाई व डेंगू निरोधात्मक कार्यवाही निरन्तर सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने समस्त विभागों को भी अपने-अपने कार्यालय परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि जिस गली-मोहल्ला में डेंगू की पुष्टि होती है तो उस स्थान को कन्टेनमेंट जोन बनाना सुनिश्चित करें। वर्तमान में जनपद में डेंगू के 148 केस सक्रिय हैं। अभी तक कुल 353 डेंगू के केस सामने आए हैं, जिनमें 205 स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को कोटद्वार में 15 व श्रीनगर क्षेत्र में 19 डेंगू के केस मिले हैं। वहीं विभिन्न गली-मोहल्लों में डेंगू की पुष्टि होने पर कोटद्वार में 8 कंटेनमेंट जोन व श्रीनगर में 1 कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *