मंगलौर : उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद निवासी और उत्तर प्रदेश के मेरठ में तैनात पुलिस उप निरीक्षक जयकुमार सिंह का आज सुबह बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गया। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई, जिससे उनके पैतृक गांव दहियाकी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 59 वर्षीय उप निरीक्षक जयकुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय नाहरचंद मूल रूप से हरिद्वार जनपद के मंगलौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम दहियाकी के निवासी थे। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश के मेरठ में थाना दिल्ली गेट पर तैनात थे। बताया गया कि करीब एक माह पूर्व उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी थी, और जांच के बाद आंतों में कैंसर का पता चला था। इलाज के दौरान आज दिनांक 31 जुलाई 2025 को सुबह लगभग 3:50 बजे उनका आकस्मिक निधन हो गया।

दिवंगत उप निरीक्षक जयकुमार सिंह अपने पीछे एक विवाहित पुत्र और एक विवाहित पुत्री छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से पूरे परिवार में दुख का माहौल है।

उप निरीक्षक जयकुमार सिंह के निधन की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में भी शोक व्याप्त हो गया। क्षेत्राधिकारी मंगलौर विवेक कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक रफत अली, उप निरीक्षक नरेंद्र राठी, हेड कांस्टेबल श्याम बाबू यादव, कांस्टेबल अरविंद कुमार सहित कई पुलिसकर्मी उनके पैतृक गांव दहियाकी पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

पुलिस लाइन हरिद्वार से पहुँची पुलिस टुकड़ी द्वारा पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई और सलामी गार्ड द्वारा श्रद्धापूर्वक अंतिम सलामी अर्पित की गई। इस दुखद घटना से न केवल उनके पैतृक गांव दहियाकी बल्कि निकटवर्ती मंडावली गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *