टिहरी : जनपद के अंतर्गत तहसील टिहरी स्थित ग्राम अलेरु कंडीखल क्षेत्र में अति वृष्टि के कारण स्थानीय निवासियों के घरों में पानी भरने की सूचना प्राप्त हुई। इस पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार आज 17 अगस्त 2025 को उपजिलाधिकारी संदीप कुमार द्वारा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुल 18 परिवारों के घर प्रभावित पाए गए। सभी परिवारों को सुरक्षित स्थान पंचायत भवन के समीप रिक्त पड़े भवनों में शिफ्ट कराया गया है। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए कम्युनिटी किचन के माध्यम से भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित को दिए।

जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल द्वारा शिफ्ट किए गए परिवारों को राशन किट वितरित की गई। साथ ही 18 परिवारों के कुल 86 सदस्यों के भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए। इसके अतिरिक्त, यूपीसीएल को शिफ्ट किए गए स्थान पर शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *