चमोली : सड़क हादसों में हर दिन किसी ना किसी की जान जाती है। ऐसा ही एक और हादसा चमोली जिले के बिरही में हुआ है। जानकारी के अनुसार इस हादसे में दो पुलिस जवानों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। बदरीनाथ हाईवे पर बिरही में एक टेम्पो ट्रैवलर और एक बाइक की भीषण टक्कर हो गई। इस दौरान हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। बाइक पीपलकोटी से चमोली की और आ रही थी। बाइक टेम्पो ट्रैवलर को ओवरटेक कर रही थी। इस दौरान हादसा हुआ। हादसे में मृतक दो बाइक सवार पुलिसकर्मी हैं और एक स्थानीय युवक है। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों टेम्पो के नीचे कुचल गए और स्थानीय युवक चमोली निवासी दीपक कुमार पुत्र शिवनाथ व दो पुलिस के जवान सचिन व जयबीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया है। चमोली सीओ प्रमोद शाह ने बताया कि तीनों शवों का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टैम्पो ट्रैवलर चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *