देहरादून। उत्तराखंड में पिछले दो महीनों से बारिश नदारद होने के कारण सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। दिन में तेज धूप और रात में भी सामान्य से ज्यादा तापमान के चलते ठंड का असर कम महसूस हो रहा है।

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 25°C और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 7.8°C रहा। वहीं पर्वतीय इलाकों में भी यही हाल है। नई टिहरी में दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 20.6°C और रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा 9.3°C दर्ज किया गया।

मुक्तेश्वर में तो दिन-रात दोनों का तापमान सामान्य से 5-5 डिग्री अधिक (21.3°C और 9.3°C) रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार, अक्टूबर से ही लगातार अच्छी धूप और पश्चिमी विक्षोभ का असर न होने से रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है।

4 दिसंबर से राहत के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 3 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन 4 दिसंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है। यह सिलसिला 7 दिसंबर तक जारी रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *