आज दिनांक 6 जनवरी 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर–2, रानीपुर, हरिद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक किया गया। आज के दिन का विषय “मतदाता जागरूकता” निर्धारित किया गया था, जिसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों एवं स्वयंसेवियों में लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

इस अवसर पर NSS के स्वयंसेवियों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से स्वयंसेवियों ने गांव में भ्रमण करते हुए ग्रामवासियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं अनिवार्य मतदान के महत्व से अवगत कराया। रैली के दौरान “पहले मतदान, फिर जलपान”, “सशक्त राष्ट्र का आधार – जागरूक मतदाता” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। ग्रामवासियों ने भी स्वयंसेवियों के इस प्रयास की सराहना की और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
रैली के उपरांत बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें आदरणीय श्रीमान अजय शर्मा जी, प्रधानाचार्य, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जमालपुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदान करें और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें।
अपने उद्बोधन में श्री अजय शर्मा जी ने बताया कि जागरूक मतदाता ही स्वस्थ लोकतंत्र की नींव होता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय, प्रलोभन या दबाव के मतदान करता है, तो देश की प्रगति सुनिश्चित की जा सकती है। उनके विचारों से स्वयंसेवियों में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में NSS स्वयंसेवियों ने मतदाता जागरूकता को जीवन में अपनाने तथा समाज में फैलाने का संकल्प लिया। आज का दिन स्वयंसेवियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि सामाजिक दायित्वों के प्रति उन्हें और अधिक जागरूक करने वाला भी सिद्ध हुआ। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी दीपक कुमार धीमान नागेंद्र चौहान रुद्राक्षी जी तिग्मांशु बडोनी उपस्थित रहे
