ज्योतिर्मठ । पौराणिक नरसिंह मंदिर क्षेत्र के रक्षक माने जाने वाले ब्रह्म जाख देवता गुरुवार देर सायं विधि-विधान एवं पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ अपने गर्भगृह से बाहर आए। धारी एवं पुजारियों द्वारा संपन्न धार्मिक क्रियाओं के उपरांत देवता को क्षेत्र भ्रमण यात्रा के लिए बाहर निकाला गया।

गर्भगृह से बाहर आने के पश्चात ब्रह्म जाख देवता ने सर्वप्रथम अलकनंदा नदी के दर्शन किए और तत्पश्चात पंचायत भवन में विधिवत रूप से विराजमान हुए। लोक मान्यताओं के अनुसार शुक्रवार से देवता अपनी भव्य क्षेत्र भ्रमण यात्रा पर निकलेंगे, जिसके अंतर्गत वे नगर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देंगे तथा अपने क्षेत्रवासियों की कुशलक्षेम जानेंगे।

इस पावन धार्मिक आयोजन को लेकर जोशीमठ क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। देवता के आगमन से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन हेतु उमड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *