चमोली। जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक कि अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को आमजन से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने बिना सूचना के बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि शिकायतों का निस्तारण एल-1 स्तर पर ही किया जाए, ताकि प्रकरणों को उच्च स्तर तक जाने की आवश्यकता न पड़े। शासन स्तर पर लंबित मामलों के संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्मिकों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इस अवसर पर डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश आर्य ने अवगत कराया कि जनपद में वर्तमान में एल-1 एवं एल-2 स्तर पर कुल 230 शिकायतें लंबित हैं, जबकि एल-3 स्तर पर 43 तथा एल-4 स्तर पर 37 शिकायतें लंबित हैं। विभागवार जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि एल-1 स्तर पर सर्वाधिक 22 शिकायतें लोक निर्माण विभाग से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त राजस्व विभाग की 19, जबकि ऊर्जा विभाग एवं पेयजल विभाग की 13-13 शिकायतें लंबित हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता, जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चंद त्रिपाठी, एसडीओ विकास दरमोडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *