कोटद्वार : पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड के आदेशों के अनुपालन में जीआरपी थाना लक्सर (उत्तराखण्ड), जीआरपी थाना नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश), आरपीएफ थाना नजीबाबाद (मुरादाबाद मंडल) तथा कोतवाली कोटद्वार (जनपद पौड़ी गढ़वाल) की एक संयुक्त गोष्ठी का आयोजन थानाध्यक्ष जीआरपी लक्सर की अध्यक्षता में चौकी जीआरपी कोटद्वार पर किया गया।

गोष्ठी के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, आगामी चारधाम यात्रा एवं कुंभ मेला 2027 के दृष्टिगत विशेष रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही ट्रेनों में होने वाली जहरखुरानी, चोरी, छिनैती, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की रोकथाम, सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान, ट्रेन स्कॉर्ट ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारियों के मध्य आपसी समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी रूप से निपटने को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

गोष्ठी के उपरांत थाना जीआरपी लक्सर (उत्तराखण्ड), थाना जीआरपी नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश), कोतवाली कोटद्वार (जनपद पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखण्ड) तथा थाना आरपीएफ नजीबाबाद (उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल) के पुलिस बल द्वारा रेलवे स्टेशन कोटद्वार एवं रेलवे स्टेशन नजीबाबाद पर संयुक्त अभ्यास (Joint Exercises) एवं चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान यात्रियों को सुरक्षित यात्रा, जहरखुरानी से बचाव तथा ट्रेनों में यात्रा के दौरान होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

उक्त संयुक्त अभियान के दौरान मंडल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद – सुनीता श्रीवास्तव द्वारा रेलवे स्टेशन कोटद्वार का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं उपयुक्त दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट नजीबाबाद, थानाध्यक्ष जीआरपी लक्सर रचना देवरानी, थानाध्यक्ष जीआरपी नजीबाबाद कमल किशोर व चौकी प्रभारी बाजार कोतवाली कोटद्वार उपनिरीक्षक विनोद छपराना आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *