आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तेज करते हुए मेला प्रशासन ने कुंभ क्षेत्र की प्रमुख सड़कों, चौराहों, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को समय रहते चाक-चौबंद करने की व्यापक मुहिम शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ नगरी की प्रमुख सड़कों, पार्किंग, बस व रेलवे स्टेशनों सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक कार्यों का आकलन कर उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा।

अधिकारियों की टीम के साथ मेलाधिकारी ने हर की पौड़ी से निरीक्षण प्रारंभ करते हुए पुल जटवाड़ा, बहरादराबाद और कांवड़ पटरी मार्ग होते हुए बाईपास रोड तक प्रमुख मार्गों, चौराहों और पार्किंग व्यवस्थाओं की स्थिति का जायज़ा लिया। इसके अलावा ज्वालापुर, भीमगोडा, खड़खड़ी, सर्वानंद घाट और लालजीवाला क्षेत्र के आंतरिक मार्गों एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

इस दौरान मेलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी विभागों को सख़्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

मेलाधिकारी ने विशेष रूप से कांवड़ पटरी मार्ग की सफाई और सुधार कार्यों को प्राथमिकता से सम्पन्न करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित किया जाए तथा अस्थायी पार्किंग में भी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात के सुचारु संचालन के लिए सड़कों और चौराहों के सुधार के साथ-साथ पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी बल दिया गया। उन्होंने दोहराया कि जहां-जहां कार्यों की आवश्यकता है, वहां त्वरित आकलन कर सभी जरूरी कार्य समय से पूरे किए जाएंगे, ताकि कुंभ मेला-2027 का आयोजन व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-हितैषी बन सके।

इस दौरान नगर निगम हरिद्वार के आयुक्त श्री नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

*मेलाधिकारी ने किया गुरुकुल कांगड़ी विवि के संग्रहालय का अवलोकन*

इससे पूर्व मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय का भ्रमण कर उसके पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन किया, जहां हरिद्वार, उत्तराखंड तथा देश के विभिन्न हिस्सों की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत सहेजकर रखी गई है। संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ पुरावशेषों और प्राचीन धरोहरों को देखकर उन्होंने इसे अत्यंत मूल्यवान और अनमोल बताया।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार आने वाले अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक इस संग्रहालय में पहुंचकर इन पुरातात्विक धरोहरों से परिचित हों, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि आस्था के साथ-साथ लोग देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी अनुभव कर सकें।
इस अवसर पर विवि के पुरातत्व विभाग के निदेशक प्रभात कुमार के एवं संग्रहालय के अध्यक्ष मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *