महाराष्ट्र । नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई ने महाराष्ट्र के लातूर से रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) के संस्थापक Shivraj Raghunath Motegaonkar को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार उन्हें आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जा सकता है और जल्द ही दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, इस मामले में आरोपी पी.वी. कुलकर्णी से पूछताछ के दौरान मोटेगांवकर का नाम सामने आया था। इसके बाद सीबीआई की 28 सदस्यीय टीम जांच के लिए लातूर पहुंची और उनसे कई घंटों तक पूछताछ की। बाद में पुणे में भी उनसे लंबी पूछताछ की गई।

जांच एजेंसियों को मिले शुरुआती इनपुट के अनुसार, आरसीसी क्लासेस के मॉक टेस्ट में पूछे गए कई सवाल NEET-UG की अंतिम परीक्षा में हूबहू मिलने के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि परीक्षा के बाद छात्रों के इंटरव्यू में यह दावा किया गया कि करीब 42 सवाल सीधे मॉक टेस्ट से मैच कर रहे थे। इसी के बाद मामला चर्चा में आया और जांच तेज कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार, एक अभिभावक द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद सीबीआई ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। जांच के दौरान मनीषा वाघमारे से पूछताछ में भी मोटेगांवकर का नाम सामने आया। इसके बाद सीबीआई ने आरसीसी क्लासेस के कार्यालय से दस्तावेज, कंप्यूटर और डिजिटल डेटा जब्त कर उनकी जांच शुरू की।

इस बीच पुणे में भी सीबीआई की जांच तेज हो गई है। कई डॉक्टरों और छात्रों को पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय बुलाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, बीती रात से लगातार कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि मोटेगांवकर से करीब 11 घंटे तक पूछताछ की गई।

सीबीआई अब मामले में जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। एजेंसी को उम्मीद है कि आगे की जांच में पेपर लीक रैकेट से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *