हरिद्वार/देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बलवीर रोड, देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने उत्तराखण्ड के विकास एवं जनसेवा में जो योगदान दिया, उसे यह प्रदेश सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, भाजपा महामंत्री ( संगठन) अजेय कुमार और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उनकी पत्नी अरुण खंडूड़ी, बेटी एवं विधानसभा अध्यक्ष रितु भूषण खंडूड़ी, पुत्र मनीष खंडूड़ी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का 19 मई को सुबह 11:15 बजे देहरादून के मैक्स अस्पताल में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। खंडूड़ी वर्ष 2007 और 2011 में दो बार उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री रहे तथा गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद के रूप में भी उन्होंने प्रदेश और देश की सेवा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *