गोपेश्वर (चमोली)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड गैरसैंण के दूरस्थ ग्राम हरगढ़ में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि विभिन्न विभागों की योजनाओं से 400 से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

राजकीय इंटर कॉलेज हरगढ़ परिसर में आयोजित शिविर में रोहिड़ा, बीना, गौगना, हरगढ़, नागचुला, धरापानी समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क और पैदल मार्गों की मरम्मत, पेयजल और विद्युत आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था, घरेलू गैस और खाद्यान्न वितरण, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, नंदा गौरा योजना की लंबित धनराशि तथा आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क और पुलियों के पुनर्निर्माण सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में कुल 145 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, खाद्य, शिक्षा, उरेड़ा, राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, पशु चिकित्सा सेवाएं, पेंशन योजनाएं, छात्रवृत्ति, सौर ऊर्जा योजनाएं, कृषि परामर्श तथा राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ मौके पर ही ग्रामीणों को उपलब्ध कराया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिविर में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, भाजपा जिला महामंत्री अरुण मैठानी, उपजिलाधिकारी अबरार अहमद, परियोजना निदेशक आनंद सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *