कोटद्वार : जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा सोमवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

पूर्व में महाविद्यालयों तथा तकनीकी संस्थानों के साथ जिला कार्यालय में आयोजित की गयी बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों हेतु प्रशिक्षण कार्य्रकम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आयोजित कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विनय कुमार, अंकित सिंह और आकांक्षा गुसाईं ने विद्यार्थियों को उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, व्यवसाय के लिए आवश्यक कौशल, उद्योग एवं स्वरोजगार की संभावनाओं तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं एवं सरकारी अनुदान के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गयी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कार्यशाला से प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने भविष्य के निर्माण और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए केवल रोजगार प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।

कार्यशाला में डॉ. नीरज नौटियाल, डॉ. हिमानी बड़ोनी, आशुतोष जगूड़ी, शैलेंद्र बिष्ट, राजेंद्र नेगी, महेंद्र सिंह बिष्ट, पूनम देवी, डॉ. गिरिराज सिंह, विनय पांडेय, सुनील एवं डॉ. विकास रंजन सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *