• विकास भवन पौड़ी में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुशासन से जुड़े विषयों पर हुआ संवाद

पौड़ी। रघुनंदन सिंह तोलिया प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी, नैनीताल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पांच प्रशिक्षु अधिकारियों के दल ने सोमवार को विकास भवन पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अधिकारियों ने जिले में संचालित विकास एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर मार्गदर्शन हासिल किया।

डीएम ने जाना प्रशिक्षण और भावी दायित्व

जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए उनके प्रशिक्षण और भावी प्रशासनिक दायित्वों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सफल और जनोन्मुखी प्रशासनिक सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर साझा किए अनुभव

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने भी प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रशिक्षु अधिकारियों ने योजनाओं के संचालन, प्रशासनिक समन्वय और जनहित से जुड़े कार्यों को समझने में रुचि दिखाई।

पांच प्रशिक्षु अधिकारी रहे शामिल

प्रशिक्षु अधिकारियों के दल में अंजली चंद, प्रभाकर सिंह परमार, आस्था अग्रवाल, प्रद्युम्न चौहान और अजय डबास शामिल रहे। अधिकारियों ने जनपद की विकास गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ प्रशासनिक कार्यों के व्यावहारिक पहलुओं पर भी मार्गदर्शन प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *