देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में उत्तराखण्ड के दौरे पर आ सकते हैं। उनके 22 से 25 अक्टूबर के बीच केदारनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। हालांकि, अभी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का करेंगे निरीक्षण
प्रस्तावित दौरे को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा भी ले सकते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसपीजी की टीम केदारनाथ का निरीक्षण कर चुकी है।
टिहरी में पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण भी संभावित
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने उत्तराखण्ड दौरे के दौरान टिहरी जिले में टीएचडीसी के 1,000 मेगावाट क्षमता वाले पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण भी कर सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी कई बार केदारनाथ धाम का दौरा कर चुके हैं। अब उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
