पौड़ी। पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा प्रारंभिक बाल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित पोषण माह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। आंगनबाड़ी केंद्र पूल्ड हाउस में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों, पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी और विभिन्न गतिविधियों के जरिए पोषण के महत्व का संदेश दिया गया।

पोषण जागरूकता में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की अहम भूमिका

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने पोषण माह के दौरान आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से महिलाओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही जनसामान्य तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने में मदद मिली है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों से संवाद कर पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। कार्यकर्त्रियों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों का स्वाद चखकर उन्होंने उनके प्रयासों की सराहना भी की।

पौष्टिक खाद्य पदार्थों और विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी

कार्यक्रम में विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनमें बच्चों और महिलाओं के लिए तैयार पौष्टिक खाद्य उत्पादों, विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री, क्राफ्ट और अन्य गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। जिलाधिकारी ने स्टॉलों का अवलोकन कर कार्यकर्त्रियों के प्रयासों की जानकारी ली। कार्यक्रम में गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आंगनबाड़ी सेक्टरों को सम्मानित भी किया गया।

पैडुलस्यूं सेक्टर ने मारी बाजी

प्रतियोगिता में पैडुलस्यूं सेक्टर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इडवालस्यूं सेक्टर दूसरे और नांदलस्यूं सेक्टर तीसरे स्थान पर रहा। गगवाड़स्यूं सेक्टर ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सेक्टरों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने धात्री माताओं को पोषण किट वितरित कीं। साथ ही पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गईं, जिससे पात्र महिलाओं और परिवारों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश दिया गया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

आंगनबाड़ी केंद्र क्यार्क और क्यूंकालेश्वर के बच्चों ने रंगारंग एवं मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। बच्चों की सहज और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंगल गीत की प्रस्तुति से हुई।

‘प्रोजेक्ट बचपन’ से 57 आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र तैयार

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में पिछले वर्ष शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत अब तक आधुनिक सुविधाओं से युक्त 57 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जा चुका है। इनमें से 39 केंद्रों का शुभारंभ वर्तमान में संचालित आंगन मिलन अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया है। यह पहल बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी रावत और साक्षी रावत ने किया। इस अवसर पर पार्षद शुभम रावत, संगीता रावत, सीडीपीओ आशा रावत, विभिन्न आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सुपरवाइजर, बच्चे और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *