- कैप्टन हिमांशु समेत छह लोग थे सवार, संचार और ट्रैकिंग सिस्टम से टूटा संपर्क
- कंपनी के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक
गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार को जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर का संचार संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम ने भी उसकी लोकेशन बताना बंद कर दिया। हेलीकॉप्टर की अंतिम लोकेशन का पता नहीं चल पाया है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार हेलीकॉप्टर का कॉल साइन VT-HCX है। इसमें कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में तैनात थे। उनके साथ पांच यात्री प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज सवार थे। सभी यात्री पुरुष बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें सक्रिय हो गईं। जोशीमठ घाटी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।
घटना के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल हेलीकॉप्टर की स्थिति और उसमें सवार छह लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राहत एवं बचाव दल तलाश अभियान में जुटे हैं।
