• मुख्यमंत्री धामी ने प्रमुख संगठन सम्मेलन में की चार घोषणाएं
  • आजीविका मिशन की ब्लॉक स्तरीय समिति में भी शामिल होंगे क्षेत्र पंचायत प्रमुख

देहरादून। प्रदेश की क्षेत्र पंचायतों को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। क्षेत्र पंचायत निधि को दोबारा शुरू करने और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय एवं भत्तों में वृद्धि के लिए कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में ब्लॉक प्रमुख को शामिल किया जाएगा। ग्राम पंचायतों को नगरीय निकायों में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायत से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखण्ड प्रमुख संगठन सम्मेलन-2026 में मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करते हैं और स्थानीय समस्याओं तथा जरूरतों से सीधे जुड़े होते हैं। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में उनकी भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत किए बिना गांवों को आत्मनिर्भर नहीं बनाया जा सकता। छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार स्थानीय निकायों की राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। पंचायत भवनों से वंचित ग्राम पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से भवन निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने पंचायत निधि के उपयोग में पारदर्शिता, विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संगठन के अध्यक्ष राजीव कंडारी, महासचिव गणेश चंदोला, ज्योति ग्रोवर, संरक्षक हरीश बिष्ट सहित प्रदेशभर के ब्लॉक प्रमुख और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *