गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, पालकी साहिब के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
हरिद्वार। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को ज्वालापुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के बीच निकली इस शोभायात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सुसज्जित पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पालकी साहिब के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और संगत ने गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों ने की। उनके पीछे बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुवाणी का गायन करते हुए चल रहे थे। बैंड-बाजों की मधुर धुन, घोड़ों की सवारी और गतका दल के हैरतअंगेज करतबों ने नगर कीर्तन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
गोल गुरुद्वारे से शुरू होकर इन मार्गों से गुजरा नगर कीर्तन
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर कीर्तन दोपहर दो बजे गोल गुरुद्वारे से प्रारंभ हुआ। यहां से शोभायात्रा श्रीराम चौक, पीठ बाजार, चौहानान, कोतवाली, अनाज मंडी, सर्राफा बाजार और कटहरा बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात्रि आठ बजे नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, ज्वालापुर में संपन्न हुआ।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। जगह-जगह स्वागत और सेवा के आयोजन भी किए गए। नगर कीर्तन के दौरान धार्मिक वातावरण और गुरु वाणी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
24 नवंबर को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से बताया गया कि श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आगामी 24 नवंबर को गुरुद्वारे में धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुवाणी, कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कमेटी ने संगत से प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
नगर कीर्तन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, सेवादारों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
