देहरादून। राज्यपाल से सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग दीपक कुमार ने शिष्टाचार एवं औपचारिक भेंट की। इस दौरान सचिव ने संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों, जनगणना के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना और सरकार की प्राथमिकताओं से जुड़े शासनादेशों के क्रियान्वयन की जानकारी दी। राज्यपाल ने प्रदेश के प्रत्येक विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में वेद एवं ज्योतिष अध्ययन केंद्र खोलने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए सचिव संस्कृत शिक्षा को नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करने को कहा।

जनगणना में संस्कृत को भाषा के रूप में दर्ज करने के लिए किया जा रहा प्रेरित

सचिव दीपक कुमार ने राज्यपाल को संस्कृत शिक्षा विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम, संस्कृत निदेशालय एवं परिषद की ओर से संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनगणना के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना की प्रक्रिया से भी अवगत कराया। बताया कि जनगणना के माध्यम से प्रदेश की द्वितीय राजभाषा संस्कृत को भाषा के कॉलम में अंकित करने के लिए भी आमजन को प्रेरित किया जा रहा है।

सरकार के तीन प्रमुख शासनादेशों के अनुपालन की जानकारी दी

सचिव ने कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के अंतर्गत सरकार के तीन प्रमुख शासनादेशों—‘सरकार जनता के द्वार’, ‘अनुशासित प्रदेश’ और ‘भयमुक्त समाज’ के अनुपालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल आयुक्तों और जिलाधिकारियों के माध्यम से इनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं को एक स्थान पर संकलित कर तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के बारे में भी बताया। पुस्तक को पंचायत स्तर तक वितरित किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न वेबसाइटों पर इसकी पीडीएफ प्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं और भारत सरकार के myScheme पोर्टल पर भी योजनाओं की जानकारी दर्ज की गई है।

ज्योतिष महाकुंभ का निमंत्रण सौंपा, नशामुक्त उत्तराखंड को भी मिलेगी प्राथमिकता

इस अवसर पर सचिव दीपक कुमार ने राज्यपाल को आगामी 4 और 5 दिसंबर को हरिद्वार में आयोजित होने वाले ज्योतिष महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण भी सौंपा।

राज्यपाल ने भयमुक्त समाज की अवधारणा को व्यापक स्वरूप देते हुए इसके अंतर्गत ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ को भी शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में वेद एवं ज्योतिष के अध्ययन केंद्र स्थापित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *