• स्टार्टअप्स को निवेश, ब्रांडिंग और बाजार विस्तार के मिले गुर, उद्योग विशेषज्ञों व वेंचर कैपिटलिस्टों ने किया मार्गदर्शन
  • महिला नेतृत्व, नवाचार और एआई आधारित उद्यमिता पर हुआ मंथन, मिहो द्वितीय और ओम इंटीरियर्स तृतीय स्थान पर रहे

ऋषिकेश। उत्तराखंड में स्टार्टअप और उद्यमिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश में आयोजित तीन दिवसीय ‘देवभूमि पिचैथॉन-2026’ के दूसरे दिन स्थानीय उद्यमियों को निवेश और व्यवसाय विस्तार के महत्वपूर्ण अवसर मिले। परमार्थ निकेतन घाट हॉल, स्वर्गाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के 18 उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक विचारों और उत्पादों को निवेशकों एवं उद्योग विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों ने उद्यमियों को निवेश जुटाने, बाजार की जरूरतों को समझने, प्रभावी ब्रांडिंग और व्यवसाय को विस्तार देने के व्यावहारिक गुर बताए।

निवेशकों से सीधे संवाद का मिला मंच

जिला उद्योग केंद्र की ओर से 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ना तथा उनके व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में सिडकुल निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान, क्वांटिया ग्रेविटास (यूएई) के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. मुनीश जिंदल, पंजाब एंजल्स नेटवर्क के सीईओ सीए साहिल मक्कर, ए स्क्वायर मीडिया के सीएमओ अमित मदान, फाउंडरएक्स के मानद महानिदेशक अरुण चंगरानी और सीईओ डॉ. नैन्सी जुनेजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।

निवेश के लिए मजबूत बिजनेस मॉडल और वित्तीय प्रबंधन जरूरी

विशेषज्ञों ने वेंचर कैपिटल फंडिंग, वित्तीय साक्षरता, बाजार की संभावनाओं, विपणन और मेंटरशिप के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार्टअप को सफल उद्यम के रूप में स्थापित करने के लिए व्यावसायिक योजना, बाजार की जरूरतों की समझ और मजबूत वित्तीय प्रबंधन आवश्यक है। वरिष्ठ सलाहकार संतोष नौटियाल ने भी उद्यमियों को निवेश जुटाने और व्यवसाय विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

‘द वीसी प्लेबुक’ में समझाए निवेश हासिल करने के गुर

इकारा फाइनेंशियल्स प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक एवं सीईओ अनिमा मिश्रा ने ‘द वीसी प्लेबुक : फ्रॉम स्टार्टअप टू इन्वेस्टमेंट रेडी’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने निवेशकों की अपेक्षाओं, स्टार्टअप्स की तैयारी और निवेश हासिल करने की प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को समझाया। इसके बाद ‘द कैपिटल कैटलिस्ट’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने निवेश योग्य स्टार्टअप तैयार करने के मानकों और व्यावहारिक उदाहरणों पर विचार-विमर्श किया।

एआई के दौर में महिला नेतृत्व और उद्यमिता पर मंथन

कार्यक्रम में महिला नेतृत्व और उद्यमिता को भी विशेष स्थान दिया गया। ‘वुमन इम्पैक्ट लीडरशिप’ विषय पर आयोजित चर्चा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बीच महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता में उनकी भूमिका पर विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने बदलते व्यावसायिक परिदृश्य में महिलाओं की भागीदारी और नए अवसरों की संभावनाओं पर चर्चा की।

पहाड़ी उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को मिला मंच

पिचैथॉन में आयुर्वेद, फूड प्रोसेसिंग, हथकरघा, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों और स्थानीय एवं पहाड़ी उत्पादों से जुड़े उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। निवेशकों के सामने प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों को उनके व्यावसायिक मॉडल, उत्पादों की बाजार संभावनाओं और व्यवसाय विस्तार को लेकर सुझाव दिए गए। इससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने और उद्यमियों को नए व्यावसायिक अवसरों से परिचित कराने का मंच मिला।

जीवन ऑर्गेनिक्स प्रथम, मिहो दूसरे स्थान पर

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जीवन ऑर्गेनिक्स को प्रथम, मिहो को द्वितीय और ओम इंटीरियर्स को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आर.पी. आर्य, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र नाथ, विनय कुमार, रवींद्र सिंह, देवेंद्र मेहता, कमल जयकृत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *