- वाहनों से वसूले 1.25 करोड़, सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और यात्री सुविधाओं पर खर्च हो रही धनराशि; देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था से शुल्क भुगतान हुआ आसान
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में ईको पर्यटन शुल्क नगर पंचायत के लिए आय का बड़ा स्रोत बनकर उभरा है। वर्ष 2022 से संचालित इस व्यवस्था के तहत नगर पंचायत ने चालू यात्रा सीजन में 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इस धनराशि से धाम में सफाई, पथ प्रकाश, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विकास कार्यों और तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाओं का संचालन किया जा रहा है। ईको पर्यटन शुल्क से नगर पंचायत ने अपनी आय का स्थायी स्रोत विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित है शुल्क
नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से वर्ष 2022 में जारी गजट अधिसूचना के बाद धाम में प्रवेश करने वाले वाहनों से ईको पर्यटन शुल्क वसूला जा रहा है। इसके तहत चारपहिया वाहन से 60 रुपये, टेंपो ट्रैवलर एवं मिनी बस से 100 रुपये, बस से 120 रुपये और हेलीकॉप्टर से प्रति प्रवेश एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
इस मद से प्राप्त धनराशि का उपयोग पर्यटन विकास, सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, यात्रा सीजन में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और बैरियर संचालन पर किया जा रहा है। इसके अलावा तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एंबुलेंस का संचालन भी किया जा रहा है।
फास्ट ट्रैक व्यवस्था से शुल्क भुगतान में सहूलियत
यात्रा सीजन में वाहनों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए शुल्क भुगतान की प्रक्रिया सुगम बनाने के लिए नगर पंचायत ने वर्ष 2025 में देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था शुरू की थी। इससे वाहनों को शुल्क भुगतान में सुविधा मिल रही है और प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिली है।
वाहनों से 1.25 करोड़ रुपये की आय
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस यात्रा सीजन में ईको पर्यटन शुल्क से कुल 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसमें वाहनों से 1 करोड़ 25 लाख 58 हजार 490 रुपये और अन्य मदों से 31 लाख 46 हजार 440 रुपये की आय शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस राजस्व से बदरीनाथ धाम में बुनियादी सुविधाओं को बनाए रखने के साथ उनके विस्तार में भी मदद मिलेगी। नगर पंचायत इस धनराशि का उपयोग धाम की स्वच्छता, बेहतर प्रबंधन और तीर्थयात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कर रही है।
