- इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की आयुध निर्माण इकाई में पहली खेप के 21 साइट फ्लैग ऑफ, आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में अहम कदम
- फ्रांस की साफ्रान कंपनी के साथ रणनीतिक साझेदारी से देश में उन्नत रक्षा तकनीक के निर्माण को मिलेगा बढ़ावा, भविष्य में हजारों साइटों के उत्पादन का लक्ष्य
देहरादून। रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता को मजबूत करने और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में उत्तराखंड ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) की देहरादून स्थित आयुध निर्माण इकाई (OFD) में CM3 MR साइट का उत्पादन शुरू हो गया है। 25 नवंबर को आयोजित समारोह में पहली खेप के 21 CM3 MR साइट फ्लैग ऑफ किए गए। फ्रांस की कंपनी साफ्रान (Safran) के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत शुरू हुआ यह उत्पादन देश में विशिष्ट रक्षा तकनीकों के निर्माण को नई गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रक्षा औद्योगिक तंत्र में IOL की भूमिका होगी मजबूत
इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने इसे कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केवल नए उत्पाद के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के रक्षा औद्योगिक तंत्र में कंपनी की मजबूत पहचान स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि साफ्रान के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता अब उत्पादन के महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंच गया है। वर्ष 2021-22 से ही सशस्त्र बलों को आधुनिक और उन्नत उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक रक्षा उत्पादन व्यवस्था में सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। L&T और साफ्रान जैसी कंपनियों के साथ तकनीकी सहयोग इसी सोच का हिस्सा है। भविष्य में भी ऐसे सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि विशिष्ट रक्षा तकनीकों का निर्माण देश में ही हो सके और विदेशी आयात पर निर्भरता कम हो।
गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर जोर
शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने आयुध निर्माण इकाई देहरादून के अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों और उत्पादन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति से निर्धारित होती है। कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने, समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा निरंतर सीखने और सुधार की प्रक्रिया अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि आयुध निर्माण इकाई में नई बिल्डिंग और प्रणालियों में किए जा रहे सुधार भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे।
K9 वज्र कार्यक्रम में भी बढ़ रही कंपनी की भूमिका
सीएमडी ने बताया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से K9 वज्र कार्यक्रम के लिए इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (INS) की पहली खेप फ्लैग ऑफ की गई थी। अब देहरादून से CM3 MR साइटों का पहला बैच रवाना किया जा रहा है। ये दोनों उपलब्धियां K9 वज्र परियोजना में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की बढ़ती भूमिका को दर्शाती हैं।
हजारों साइटों के उत्पादन का लक्ष्य
शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने आयुध निर्माण इकाई के पारंपरिक उत्पादों के साथ नई और विशिष्ट तकनीक वाले उत्पादों के निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि देहरादून इकाई की टीम की मेहनत और तकनीकी दक्षता के बल पर आने वाले समय में हजारों CM3 MR साइटों का उत्पादन किया जाएगा।
इससे देश की रक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी और कर्मचारियों के लिए कार्य एवं कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पूरी टीम की मेहनत से उत्पादन लक्ष्य हासिल: सीएस ठाकुर
इस अवसर पर आयुध निर्माण इकाई देहरादून के मुख्य महाप्रबंधक सीएस ठाकुर ने इसे इकाई के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने कड़ी मेहनत से इस उत्पाद को उत्पादन के लक्ष्य तक पहुंचाया है। उन्होंने उपलब्धि के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
अपर महाप्रबंधक राघव गुप्ता ने CM3 MR साइट के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की और उत्पादन सफलतापूर्वक शुरू करने के लिए किए गए प्रयासों से अवगत कराया।
