गोपेश्वर (चमोली)। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर उत्तराखंड किसान सभा की चमोली इकाई ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर में धरना-प्रदर्शन किया।

किसान सभा से जुड़े लोगों ने केंद्र सरकार से सभी कृषि उपजों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गारंटीकृत खरीद सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। ऐसे में किसानों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी जरूरी है।

धरने के दौरान किसान सभा ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने की मांग उठाई। सभा का कहना है कि किसानों को उनकी फसल की उत्पादन लागत यानी सी2 पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर एमएसपी दिया जाना चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार को ठोस कानून बनाना चाहिए, ताकि किसानों को बाजार में उपज बेचते समय घोषित समर्थन मूल्य से कम कीमत न मिले। किसान सभा ने विशेष रूप से धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। साथ ही बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी एमएसपी का लाभ देने की बात उठाई।

किसान सभा ने धान की खरीद और बाजार भाव के अंतर को लेकर किसानों को हो रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। धान का घोषित समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल होने के बावजूद किसानों को बाजार में करीब 1850 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहे हैं। इस अंतर के कारण किसानों को प्रति एकड़ लगभग 30 हजार रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। कहा कि किसानों को एक ओर खेती की बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। ऐसे में केवल समर्थन मूल्य घोषित कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गारंटीकृत खरीद की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक सहायता राशि में बढ़ोतरी की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि किसानों को खेती में हो रहे नुकसान के मुकाबले मिलने वाली आर्थिक सहायता बेहद कम है। किसानों की आय और कृषि उत्पादन लागत को ध्यान में रखते हुए सम्मान निधि की राशि में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। इसके अलावा सभी फसलों की सरकारी खरीद की व्यवस्था मजबूत करने और छोटे, सीमांत तथा बटाईदार किसानों को भी सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ने की मांग की गई।

किसान सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत कई महत्वपूर्ण मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने के माध्यम से सरकार से किसानों के हित में जल्द नीतिगत निर्णय लेने की मांग की गई।

धरना-प्रदर्शन में भूपाल सिंह रावत, मदन मिश्रा, ज्ञानेंद्र खंतवाल, नंदन कठैत, गीता बिष्ट, कुंवर राम, कमलेश गौड़ समेत किसान सभा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *