गोपेश्वर (चमोली)। जिला अभियोजन निदेशालय की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला पंचायत सभागार गोपेश्वर में हमारा राज्य, हमारा कानून के तहत कार्यशाला एवं गोष्ठी आयोजित की गई। 

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज विंध्याचल सिंह एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर जिला जज विंध्याचल सिंह ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों को संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतांत्रिक गणराज्य के संचालन का आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को समझते हुए उनका पालन करना चाहिए। जिला जज ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई। राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा संविधान के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देते हुए रैली निकाली गई।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, बार संघ अध्यक्ष भरत सिंह रावत, सहायक निदेशक अभियोजन विपुल कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *